गड़वार स्थित रामलीला मंच पर रविवार को पूर्व ग्राम प्रधान गड़वार एवं वरिष्ठ समाजसेवी ज़लालुद्दीन ख़ान के निधन पर एक सर्वदलीय श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया। सभा में विभिन्न राजनीतिक दलों, सामाजिक संगठनों एवं क्षेत्र के गणमान्य नागरिकों ने स्वर्गीय ख़ान के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी और दो मिनट का मौन रखकर उनकी आत्मा की शांति की प्रार्थना की।
श्रद्धांजलि सभा की अध्यक्षता रामलीला समिति गड़वार के अध्यक्ष मुकेश सिंह ने की, जबकि संचालन समाजसेवी मोहन सिंह द्वारा किया गया। अपने अध्यक्षीय संबोधन में मुकेश सिंह ने कहा कि ज़लालुद्दीन ख़ान न केवल एक सफल जनप्रतिनिधि थे, बल्कि वे समाज के हर वर्ग के लिए हमेशा उपलब्ध रहने वाले, मिलनसार और सरल व्यक्तित्व के धनी थे। उनका निधन गड़वार ही नहीं, बल्कि पूरे क्षेत्र के लिए अपूरणीय क्षति है।
वक्ताओं ने स्वर्गीय ख़ान को कुशल समाजसेवी, दूरदर्शी नेता और क़ौमी एकता का सशक्त प्रतीक बताया। उन्होंने कहा कि ज़लालुद्दीन ख़ान ने अपने जीवन में सदैव आपसी भाईचारे, सामाजिक समरसता और सौहार्द को प्राथमिकता दी। यही कारण रहा कि वे स्वयं ग्राम प्रधान बने और उनकी धर्मपत्नी भी ग्राम प्रधान पद पर निर्वाचित हुईं। उन्होंने ग्राम पंचायत के विकास के साथ-साथ सामाजिक सौहार्द को भी मजबूती प्रदान की।
सभा को संबोधित करते हुए ग्रामीण पत्रकार एसोसिएशन के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष सौरभ कुमार ने कहा कि ज़लालुद्दीन ख़ान का जीवन जनसेवा को समर्पित रहा। वे हर सुख-दुख में लोगों के साथ खड़े रहते थे। उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के सचिव जैनेंद्र पांडेय ‘मिंटू’ ने कहा कि स्वर्गीय ख़ान उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के सदस्य रहे और पार्टी संगठन को मजबूत करने में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका रही। उनके अनुभव और मार्गदर्शन से अनेक युवाओं को प्रेरणा मिली।
अन्य वक्ताओं ने बताया कि ज़लालुद्दीन ख़ान रामलीला समिति गड़वार के अध्यक्ष रहे और सहकारी संस्थाओं के विभिन्न पदों पर रहते हुए उन्होंने ईमानदारी और निष्ठा के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन किया। उनके व्यक्तित्व और कृतित्व पर प्रकाश डालते हुए वक्ताओं ने कहा कि उनकी कमी निकट भविष्य में भर पाना संभव नहीं है।
सभा को आनंद सिंह, अफ़सर ख़ान, हीरा राम, सुहेल ख़ान, राकेश सिंह, चुनू अंसारी, सरदार अतिकुर रहमान सहित अनेक गणमान्य लोगों ने संबोधित किया। अंत में उपस्थित लोगों ने ईश्वर से प्रार्थना की कि वे दिवंगत आत्मा को शांति प्रदान करें और शोक संतप्त परिवार को इस दुःख को सहन करने की शक्ति दें।




0 Comments