तालाब की जमीन से अतिक्रमण हटाने गई टीम पर हमला, 7 गिरफ्तार

 तालाब की जमीन से अतिक्रमण हटाने गई टीम पर हमला, 7 गिरफ्तार

बलिया।

 जनपद के थाना खेजुरी क्षेत्र अंतर्गत ग्राम हथौज में तालाब की सरकारी भूमि से अतिक्रमण हटाने पहुंची राजस्व व पुलिस टीम पर हमला करने के आरोप में पुलिस ने सात लोगों को गिरफ्तार कर न्यायालय भेज दिया है। यह कार्रवाई मा० उच्च न्यायालय इलाहाबाद के आदेश के अनुपालन में की जा रही थी। घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल रहा, हालांकि पुलिस बल की मौजूदगी से स्थिति नियंत्रण में है।

पुलिस अधीक्षक बलिया श्री ओमवीर सिंह द्वारा अपराध व वांछित अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत अपर पुलिस अधीक्षक श्री दिनेश कुमार शुक्ल के पर्यवेक्षण तथा क्षेत्राधिकारी सिकन्दरपुर श्री आलोक कुमार गुप्ता के निर्देशन में थानाध्यक्ष खेजुरी श्री मिथिलेश कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम ने यह कार्रवाई की।

प्राप्त जानकारी के अनुसार मा० उच्च न्यायालय में योजित वाद संख्या 246/2024 व अवमानना वाद संख्या 6483/2025 बनाम रामबचन के अनुपालन में ग्राम हथौज स्थित तालाब की जमीन से अवैध अतिक्रमण हटाया जाना था। इसी क्रम में उपजिलाधिकारी सिकन्दरपुर द्वारा गठित टीम, जिसमें डिप्टी कलेक्टर/तहसीलदार देवेन्द्र कुमार पाण्डेय, नायब तहसीलदार चन्द्रप्रकाश यादव, थाना खेजुरी पुलिस व राजस्व कर्मी शामिल थे, 3 फरवरी 2026 को मौके पर पहुँची।

टीम द्वारा संबंधित पक्ष से शालीनता पूर्वक अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई शुरू कराई गई। आरोप है कि इसी दौरान रामबचन राम पुत्र स्व० रामकृपाल राम तथा उनके परिवार के लोगों ने जेसीबी मशीन के सामने खड़े होकर कार्रवाई रोकने की कोशिश की। पुलिस व राजस्व कर्मियों ने समझाने का प्रयास किया, लेकिन स्थिति अचानक बिगड़ गई।

पुलिस के अनुसार गांव के ही झारखंडेय राय और उनके पुत्र गौरव राय द्वारा कथित रूप से लोगों को उकसाया गया, जिसके बाद करीब 100–150 लोग लाठी-डंडा, फावड़ा, कुदाल, ईंट-पत्थर आदि लेकर मौके पर पहुंच गए। भीड़ ने राजस्व व पुलिस टीम को गाली-गलौज करते हुए दौड़ाकर हमला कर दिया। इस दौरान कई पुलिसकर्मी और राजस्व कर्मचारी चोटिल हो गए। हालात को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस बल बुलाया गया और स्थिति को नियंत्रित किया गया।

घटना के संबंध में क्षेत्रीय लेखपाल अमित कुमार राय पुत्र सुरेन्द्र नाथ राय की तहरीर पर थाना खेजुरी में मु0अ0सं0 18/2026 पंजीकृत किया गया। मुकदमे में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं सहित 7 सीएलए एक्ट के तहत गंभीर आरोप दर्ज किए गए हैं। घटना के दौरान बनाए गए वीडियो व अन्य साक्ष्यों के आधार पर आरोपितों की पहचान की गई।

पुलिस ने जिन सात अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है, उनके नाम हैं— तेज बहादुर राम, हरिशंकर राम, कौशल्या देवी, गायत्री देवी, जानकी देवी, सुनीता देवी तथा कुमारी नीतू। सभी आरोपी ग्राम हथौज व बहेरी के निवासी बताए गए हैं। पुलिस ने सभी को आवश्यक विधिक कार्रवाई के बाद न्यायालय बलिया रवाना कर दिया।

गिरफ्तारी करने वाली टीम में थानाध्यक्ष मिथिलेश कुमार, उपनिरीक्षक राजकुमार भारद्वाज, ज्ञानचन्द्र शुक्ला, श्रीकृष्ण प्रजापति सहित कई पुलिसकर्मी और महिला पुलिसकर्मी शामिल रहीं।

पुलिस अधीक्षक ने कहा कि सरकारी भूमि पर अवैध कब्जा और सरकारी कार्य में बाधा किसी भी हालत में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। वहीं प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि न्यायालय के आदेशों का पालन हर हाल में कराया जाएगा।

Post a Comment

0 Comments