सम्पूर्ण समाधान दिवस में 167 शिकायतें, 12 का मौके पर निस्तारण

 सम्पूर्ण समाधान दिवस में 167 शिकायतें, 12 का मौके पर निस्तारण

वरासत में लापरवाही पर कानूनगो व लेखपाल निलंबित, डीएम–एसपी की सख्ती
सिकन्दरपुर /बलिया(उत्तरप्रदेश)



 जनसमस्याओं के त्वरित समाधान को लेकर शनिवार को तहसील सिकंदरपुर में सम्पूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिलाधिकारी मंगला प्रसाद सिंह एवं पुलिस अधीक्षक ओमवीर सिंह ने संयुक्त रूप से की। समाधान दिवस के दौरान दोनों अधिकारियों ने फरियादियों की समस्याओं को गंभीरता से सुना और संबंधित विभागों को समयबद्ध, गुणवत्तापूर्ण व निष्पक्ष निस्तारण के सख्त निर्देश दिए।समाधान दिवस में कुल 167 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से 12 मामलों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया, जबकि शेष शिकायतों को शीघ्र समाधान के लिए संबंधित विभागों को अग्रसारित किया गया। प्राप्त शिकायतों में राशन कार्ड, वृद्धा पेंशन, विधवा पेंशन, अवैध कब्जा, वरासत, बैनामा तथा भूमि विवाद से संबंधित मामले प्रमुख रहे।इस दौरान एक गंभीर मामला सामने आया, जिसमें एक शिकायतकर्ता ने जिलाधिकारी को अवगत कराया कि उसने वरासत के लिए नवंबर 2025 में आवेदन किया था, लेकिन दो माह से अधिक समय बीत जाने के बावजूद अब तक वरासत दर्ज नहीं की गई। मामले को गंभीरता से लेते हुए जिलाधिकारी ने तत्काल जांच कराई। जांच में लापरवाही पाए जाने पर संबंधित कानूनगो  रामपूजन राम एवं लेखपाल संतोष पासवान को तत्काल प्रभाव से निलंबित करने के आदेश दिए गए।जिलाधिकारी ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि वरासत से जुड़े मामलों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि आम जनता के कार्यों में देरी या उदासीनता बरतने वाले अधिकारियों एवं कर्मचारियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने सभी विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया कि शिकायतों का निस्तारण केवल औपचारिकता न होकर वास्तविक समाधान के रूप में किया जाए।जिलाधिकारी ने विशेष रूप से राजस्व से संबंधित मामलों में राजस्व एवं पुलिस विभाग की संयुक्त टीम गठित कर मौके पर जाकर समस्याओं के त्वरित निस्तारण के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि भूमि विवाद व अवैध कब्जे जैसे मामलों में समन्वय के अभाव के कारण समस्याएं लंबित रहती हैं, जिसे अब स्वीकार नहीं किया जाएगा।वहीं पुलिस अधीक्षक ओमवीर सिंह ने पुलिस विभाग से संबंधित शिकायतों पर सभी थाना प्रभारियों को सख्त निर्देश दिए कि मामलों का प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि जनता की शिकायतों का समाधान पुलिस की जिम्मेदारी है और इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।इस अवसर पर उपजिलाधिकारी सिकंदरपुर सुनील कुमार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। समाधान दिवस में अधिकारियों की सक्रियता और सख्ती से फरियादियों में भरोसा देखने को मिला।

Post a Comment

0 Comments