शिवलिंग जीर्णोद्धार व पुनः प्रतिष्ठा, अंतिम दिन भव्य भंडारा


शिवलिंग जीर्णोद्धार व पुनः प्रतिष्ठा, अंतिम दिन भव्य भंडारा

 बुढ़वा शिवजी मंदिर में छह दिवसीय शिवलिंग जीर्णोद्धार व पुनः प्रतिष्ठा, अंतिम दिन भव्य भंडारा

सुखपुरा बलिया

 क्षेत्र के प्राचीन बुढ़वा शिवजी मंदिर प्रांगण में शिवलिंग जीर्णोद्धार एवं पुनः प्रतिष्ठा का छह दिवसीय धार्मिक अनुष्ठान श्रद्धा और उत्साह के साथ संपन्न हुआ। रविवार को अंतिम दिन विशाल भंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें हजारों की संख्या में श्रद्धालुओं ने पहुंचकर प्रसाद ग्रहण किया। नर-नारी, बच्चे, बुजुर्ग और युवा—सभी वर्गों की भागीदारी ने पूरे आयोजन को भक्तिमय वातावरण में बदल दिया।

ज्ञात हो कि पिछले माह अज्ञात चोरों द्वारा मंदिर में स्थापित प्राचीन शिवलिंग को क्षतिग्रस्त कर दिया गया था तथा मंदिर के आभूषण भी चोरी कर लिए गए थे। इस घटना से क्षेत्र के श्रद्धालुओं में गहरा दुख और आक्रोश व्याप्त हो गया था। इसके बाद ग्रामीणों, मंदिर समिति और धर्मप्रेमियों के सहयोग से नए शिवलिंग की स्थापना का निर्णय लिया गया। विधि-विधान से पूजन के बाद नए शिवलिंग की पुनः प्रतिष्ठा की गई।

अनुष्ठान के दौरान पांच दिनों तक विद्वान पंडित सुनील कुमार पांडेय शास्त्री एवं उनकी टीम द्वारा प्रतिदिन रुद्राभिषेक, मंत्रोच्चार और विशेष पूजन संपन्न कराया गया। वैदिक मंत्रों की गूंज से मंदिर परिसर पूरी तरह भक्तिमय बना रहा। श्रद्धालुओं ने पूरे मनोयोग से पूजा-अर्चना में भाग लिया और क्षेत्र की सुख-समृद्धि की कामना की।

छठवें दिन आयोजित भव्य भंडारे में दूर-दराज के गांवों से भी लोग पहुंचे। मंदिर परिसर और आसपास का क्षेत्र श्रद्धालुओं से खचाखच भरा रहा। स्वयंसेवकों ने प्रसाद वितरण और व्यवस्था संभालने में सक्रिय भूमिका निभाई, जिससे कार्यक्रम सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न हुआ।

इस अवसर पर कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे। प्रमुख रूप से राकेश सिंह, विधायक प्रतिनिधि गुड्डू सिंह, समरेंद्र सिंह, सत्य प्रकाश सिंह, जुगनू सिंह, प्रमोद सिंह ‘बुच्चू’, डॉ. गिरीन्द्र सिंह, रवि कुमार सिंह, राजेश सिंह और रविंद्र नाथ उपाध्याय सहित अनेक सामाजिक कार्यकर्ता मौजूद रहे। वहीं, प्रभारी निरीक्षक सुशील कुमार दुबे भी पुलिस बल के साथ देर रात तक व्यवस्था संभालते नजर आए।

ग्रामीणों ने बताया कि मंदिर क्षेत्र की आस्था का प्रमुख केंद्र है और यहां होने वाले धार्मिक आयोजनों में बड़ी संख्या में लोग जुटते हैं। शिवलिंग की पुनः प्रतिष्ठा से श्रद्धालुओं में हर्ष का माहौल है। कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए मंदिर समिति और सहयोगियों के प्रति लोगों ने आभार व्यक्त किया।

Post a Comment

0 Comments