सुखपुरा बाजार में बंदी का कोई निर्णय नहीं, व्यापार मंडल ने अफवाहों से बचने की दी सलाह
सुखपुरा /बलिया
क्षेत्र में शुक्रवार को बाजार बंद कराने को लेकर तेजी से फैल रही अफवाहों पर संयुक्त व्यापार मंडल ने स्पष्ट बयान जारी करते हुए कहा है कि सुखपुरा मार्केट को बंद करने का कोई निर्णय संगठन की ओर से नहीं लिया गया है। कुछ तथाकथित व्यक्तियों द्वारा बिना किसी अधिकार और बिना संगठन की बैठक के मनमाने ढंग से दुकानें बंद करने का तुगलकी फरमान जारी किया जा रहा है, जिसका संयुक्त व्यापार मंडल ने कड़ा विरोध किया है।
व्यापार मंडल के प्रतिनिधियों ने बताया कि शुक्रवार को बाजार बंदी के बारे में फैलाया जा रहा संदेश भ्रमित करने वाला है और इसे किसी भी तरह से संयुक्त व्यापार मंडल का निर्णय नहीं माना जाए। ऐसी सूचना से व्यापारी वर्ग में अनावश्यक तनाव एवं असमंजस की स्थिति उत्पन्न हो रही है। संगठन ने साफ कहा है कि किसी भी प्रकार की बंदी या हड़ताल का निर्णय केवल व्यापार मंडल की औपचारिक बैठक में लिया जाता है और उसके बाद ही सभी व्यापारियों को आधिकारिक सूचना प्रदान की जाती है।
संयुक्त व्यापार मंडल का कहना है कि इस तरह की अफवाहों और गलत जानकारी से व्यापारियों में भय और दबाव की स्थिति बनाने की कोशिश की जा रही है, जो पूरी तरह अनुचित है। संगठन ने सभी व्यापारियों से अपील की कि वे किसी भी अपुष्ट सूचना पर विश्वास न करें और यदि कोई व्यक्ति जबरन दुकानें बंद कराने का दबाव बनाता है तो तुरंत इसकी जानकारी अपने संगठन को दें। व्यापार मंडल द्वारा ऐसे व्यापारियों की हर संभव मदद की जाएगी।
नगर अध्यक्ष (अखिल भारतीय उद्योग व्यापार मंडल) अप्पू सिंह तथा नगर अध्यक्ष (पूर्वांचल उद्योग व्यापार मंडल) रोहित कुमार सिंह ने संयुक्त रूप से बताया कि व्यापारी वर्ग की सुरक्षा और हित सर्वोपरि है। बिना कारण या बिना निर्णय के दुकानें बंद कराना न केवल व्यापारियों के हितों के विरुद्ध है, बल्कि इससे बाजार की व्यवस्था भी प्रभावित होती है। उन्होंने कहा कि संगठन हमेशा व्यापारियों की एकता और कानून व्यवस्था के पक्ष में खड़ा है। यदि आवश्यक हुआ तो प्रशासन से भी उचित कार्रवाई की मांग की जाएगी, ताकि किसी भी व्यापारी पर अनावश्यक दबाव न बनाया जा सके।
दोनों अध्यक्षों ने दोहराया कि सुखपुरा बाजार में बंदी का कोई आदेश संयुक्त व्यापार मंडल द्वारा जारी नहीं किया गया है। किसी भी निर्णय से पहले सभी व्यापारियों को बैठक कर सूचित किया जाएगा। इसलिए व्यापारी वर्ग से अनुरोध किया गया है कि वे अफवाहों से बचें और संयम बनाए रखें। संगठन ने आश्वासन दिया कि किसी भी परिस्थिति में व्यापारियों के हितों की रक्षा हेतु पूरा सहयोग दिया जाएगा।




0 Comments