एकेडमिक रिसोर्स पर्सन (एआरपी) के कुल 31 रिक्त पदों पर चयन के लिए विज्ञप्ति जारी
जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी (बीएसए) मनीष कुमार सिंह ने जनपद में शैक्षिक गुणवत्ता को और सुदृढ़ करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाया है। उन्होंने बताया कि जनपद के प्रत्येक विकास खंड एवं नगर क्षेत्र में एकेडमिक रिसोर्स पर्सन (एआरपी) के कुल 31 रिक्त पदों पर चयन के लिए विज्ञप्ति जारी कर दी गई है। यह नियुक्तियां शैक्षिक सत्र को प्रभावी बनाने तथा शिक्षकों को विषयगत सहयोग प्रदान करने के उद्देश्य से की जा रही हैं।
बीएसए के अनुसार जारी विज्ञप्ति में विषयवार पदों का स्पष्ट विवरण दिया गया है। इसमें हिन्दी विषय के लिए 12 पद, अंग्रेजी के लिए 12 पद, विज्ञान के लिए 5 पद तथा गणित के लिए 2 पद निर्धारित किए गए हैं। चयनित एआरपी अपने-अपने क्षेत्र में शिक्षण गुणवत्ता सुधार, शिक्षकों के प्रशिक्षण, नवाचार को बढ़ावा देने तथा राष्ट्रीय शिक्षा नीति के अनुरूप कार्य करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।बीएसए मनीष कुमार सिंह ने बताया कि इस चयन प्रक्रिया से संबंधित विस्तृत दिशा-निर्देश जनपद की आधिकारिक वेबसाइट ballia.nic.in पर उपलब्ध करा दिए गए हैं। इसके साथ ही समस्त ब्लॉक संसाधन केंद्र (बीआरसी) एवं नगर संसाधन केंद्र (एनआरसी) पर भी विज्ञप्ति चस्पा कर दी गई है, ताकि इच्छुक एवं पात्र अभ्यर्थियों को आवेदन करने में किसी प्रकार की असुविधा न हो। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि आवेदन की अंतिम तिथि 07 फरवरी 2026 निर्धारित की गई है। अभ्यर्थियों को निर्धारित समय सीमा के भीतर सभी आवश्यक अभिलेखों के साथ आवेदन करना अनिवार्य होगा। बीएसए ने सभी खंड शिक्षा अधिकारियों (बीईओ) को निर्देशित किया है कि वे अपने-अपने विकास खंडों से अधिक से अधिक योग्य और अनुभवी शिक्षकों को आवेदन के लिए प्रेरित करें, ताकि चयन प्रक्रिया में बेहतर प्रतिभाओं की भागीदारी सुनिश्चित हो सके। बीएसए ने कहा कि एआरपी की भूमिका केवल मार्गदर्शन तक सीमित नहीं होगी, बल्कि वे कक्षा शिक्षण को अधिक प्रभावी, रुचिकर और परिणामोन्मुख बनाने में भी सहयोग करेंगे। इससे न केवल शिक्षकों की दक्षता में वृद्धि होगी, बल्कि विद्यार्थियों के शैक्षिक स्तर में भी अपेक्षित सुधार देखने को मिलेगा। जिला प्रशासन को उम्मीद है कि इस पहल से जनपद की बेसिक शिक्षा व्यवस्था को नई दिशा और मजबूती मिलेगी।


0 Comments