बलिया(राष्ट्र की संपत्ति)
मंगलवार को थाना चितबड़ागांव, जनपद बलिया में पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में मिशन शक्ति फेज–5.0 के अंतर्गत महिला सशक्तिकरण एवं महिला सुरक्षा जागरूकता अभियान आयोजित किया गया। अभियान का उद्देश्य क्षेत्र की महिलाओं एवं बालिकाओं को सुरक्षा संबंधी अधिकारों, सरकारी योजनाओं और आवश्यक हेल्पलाइन सेवाओं की जानकारी उपलब्ध कराना रहा।
कार्यक्रम के दौरान पुलिसकर्मियों द्वारा बालिकाओं से संवाद स्थापित कर उनकी समस्याओं के समाधान हेतु सुझाव व मार्गदर्शन दिया गया। उपस्थित बालिकाओं को उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं की जानकारी देते हुए बताया गया कि कठिन परिस्थितियों का सामना करते समय धैर्य, संयम और विवेक अत्यंत आवश्यक है। अधिकारीगणों ने कहा कि किसी भी आपात स्थिति में तुरंत पुलिस सहायता प्राप्त करने हेतु डायल 112, महिला हेल्पलाइन 1090, चाइल्ड हेल्पलाइन 1098, एम्बुलेंस सेवा 108 तथा स्वास्थ्य सेवा 102 का उपयोग किया जा सकता है।
अभियान में साइबर अपराधों के बढ़ते मामलों को देखते हुए बालिकाओं को विशेष रूप से साइबर सुरक्षा के प्रति सतर्क रहने की सलाह दी गई। उन्हें बताया गया कि अनजान लिंक, संदिग्ध ईमेल या अनचाही कॉल रिसीव न करें। साइबर ठगी से संबंधित कोई भी घटना या संदिग्ध गतिविधि दिखने पर तुरंत राष्ट्रीय साइबर क्राइम हेल्पलाइन 1930 पर सूचना दें, जिससे समय रहते आर्थिक नुकसान को रोका जा सके।
पुलिस अधिकारियों ने छात्राओं को सोशल मीडिया पर सतर्क रहने, किसी भी प्रकार की निजी जानकारी साझा न करने तथा किसी संदिग्ध व्यक्ति की गतिविधि की जानकारी तुरंत परिजनों और पुलिस को देने का संदेश दिया। इसके साथ ही ‘मिशन शक्ति’ के तहत महिलाओं को आत्मनिर्भर, सुरक्षित और सशक्त बनाने की दिशा में पुलिस प्रशासन द्वारा किए जा रहे प्रयासों की विस्तृत जानकारी दी गई।
थाना चितबड़ागांव द्वारा आयोजित यह जागरूकता कार्यक्रम सफल रहा और बालिकाओं ने भी पुलिस अधिकारियों द्वारा दी गई उपयोगी जानकारी के लिए आभार व्यक्त किया। इस पहल से क्षेत्र की महिलाओं व बालिकाओं में सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने और पुलिस पर विश्वास मजबूत करने में मदद मिली।



0 Comments