मुकदमा दर्ज
उधार में अंडा न देना दुकानदार को पड़ा भारी, दो बच्चों की पिटाई—मुकदमा दर्ज
सुखपुरा(बलिया)
थाना क्षेत्र के कुर्थिया गांव में उधार में अंडा न देने पर दुकानदार के परिवार को दबंगों का विरोध झेलना पड़ा। घटना में दुकानदार के बेटे और भतीजे को गंभीर चोटें आई हैं। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने तीन नामजद व एक अज्ञात युवक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।
ग्राम कुर्थिया निवासी दुकानदार गुलाब चंद राजभर पुत्र राजेंद्र राजभर ने थाने में दिए प्रार्थना पत्र में बताया कि उनका परिवार आर्थिक रूप से कमजोर है और जीविकोपार्जन के लिए गांव में अंडे की दुकान चलाते हैं। उन्होंने बताया कि गांव के कुछ दबंग युवक पहले से उधार ले रखे थे। बुधवार की शाम करीब 6:30 बजे वे फिर उधार मांगने पहुंचे। दुकानदार ने पिछला उधार देने की बात कही तो आरोपी भद्दी-भद्दी गालियां देते हुए वहां से चले गए।
पीड़ित के अनुसार गुरुवार सुबह करीब 7:30 बजे जब उनका बेटा अजय कुमार और भतीजा नितेश राजभर स्कूल जा रहे थे, तभी पांच–छह की संख्या में दबंगों ने रास्ते में घात लगाकर उन पर हमला कर दिया। आरोपियों ने लाठी, डंडा, फाइटर और ईंट से दोनों बच्चों को बुरी तरह पीटा, जिससे उनके सिर फट गए और गंभीर चोटें आईं।
सूचना पर पहुंची सुखपुरा पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए तीन नामजद तथा एक अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा पंजीकृत कर कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस आरोपियों की तलाश कर रही है।


0 Comments