✍️ सीमा त्रिपाठी, शिक्षिका, साहित्यकार एवं अध्यक्ष – महिला शिक्षक संघ, लालगंज (प्रतापगढ़)
आज की भागदौड़ भरी जिंदगी में हर व्यक्ति स्वस्थ रहना चाहता है, परंतु व्यस्त दिनचर्या के कारण योग या व्यायाम के लिए समय निकालना कठिन लगता है। ऐसे में सुबह की सैर (मॉर्निंग वॉक) एक ऐसा सरल, सुलभ और प्रभावी उपाय है, जो शरीर और मन दोनों को ताजगी से भर देता है। सुबह की सैर हमारे हृदय को स्वस्थ, वजन को नियंत्रित और तनाव को कम करने में सहायक होती है। यह हड्डियों को मजबूत बनाती है और ब्लड सर्कुलेशन को तेज करती है। गर्मियों में सैर करने से शरीर की अतिरिक्त चर्बी ऊर्जा में परिवर्तित हो जाती है, जिससे वजन घटाने में मदद मिलती है।प्रातःकालीन ताजी हवा हमारे फेफड़ों को स्वस्थ रखती है और शरीर में नई ऊर्जा का संचार करती है। बुजुर्गों की यह बात पूरी तरह सत्य है जल्दी सोना और जल्दी उठना स्वास्थ्य के लिए वरदान है।” देर तक सोने से शरीर में आलस्य आता है जबकि प्रातः की सैर शरीर और मन को सक्रिय बना देती है। दिन की शुरुआत सैर से करने पर मस्तिष्क की कोशिकाएँ सक्रिय हो जाती हैं और व्यक्ति पूरे दिन फुर्तीला महसूस करता है। इससे तनाव, चिंता और अनिद्रा जैसी समस्याएँ भी दूर होती हैं। सुबह की सैर से नींद गहरी और शरीर तरोताजा रहता है। रोजाना 30 मिनट पैदल चलना हृदय की कार्यप्रणाली को सुचारु रखता है और शरीर में विटामिन D के अवशोषण में मदद करता है। नियमित सैर से इम्यून सिस्टम मजबूत होता है, जिससे व्यक्ति जल्दी बीमार नहीं पड़ता और यदि बीमार हो भी जाए तो शीघ्र स्वस्थ हो जाता है। अतः यदि आप सच्चे अर्थों में स्वस्थ रहना चाहते हैं, तो अपने दिनचर्या में मॉर्निंग वॉक को शामिल करें। यही आदत आपको लंबा, सुखी और ऊर्जावान जीवन प्रदान करेगी।


0 Comments