गढ़ही पोखरों पर मंडरा रहा खतरा, संरक्षण के लिए उठी आवाज
सिकंदरपुर (नगर संवाददाता):
नगर पंचायत सिकंदरपुर के ऐतिहासिक गढ़ही पोखरों पर भू-माफियाओं की नजर गड़ी हुई है। लगातार हो रहे अतिक्रमण और अवैध भू-परिवर्तन से इनका अस्तित्व संकट में है। यदि समय रहते नगरवासी जागरूक नहीं हुए तो आने वाले दिनों में पीने योग्य जल संकट गहरा जाएगा और बरसात का पानी निकासी की बजाय घरों में भरने लगेगा।
नगर के समाजसेवी अभिषेक सोनी ने इस पर गहरी चिंता जताई है। उन्होंने कहा कि नगर में सार्वजनिक रूप से कब्जा और परिवर्तन की गतिविधियाँ हो रही हैं, जिन्हें रोकना बेहद जरूरी है। उन्होंने नगरवासियों से अपील की है कि सभी लोग मिलकर पोखरों के संरक्षण के लिए आगे आएँ, क्योंकि यही नगर की जीवनरेखा हैं।
अभिषेक सोनी ने चेताया कि यदि संरक्षण नहीं हुआ तो नगर पंचायत का जल निकासी तंत्र ध्वस्त हो जाएगा और घरों से निकलने वाला नाबदान का पानी भी कहीं जाने की बजाय वापस घरों में ही जमा हो जाएगा।
नगरवासियों ने भी इस अभियान का समर्थन करते हुए प्रशासन से तत्काल कार्रवाई की मांग की है। उनका कहना है कि पोखरों का संरक्षण न केवल पर्यावरणीय दृष्टि से आवश्यक है बल्कि नगर की स्वच्छता और जल सुरक्षा का आधार भी है।
0 Comments