जिलाधिकारी ने अधिकारियों, आयोजकों व प्रबुद्धजनों के साथ की बैठक
विशेष सतर्कता बरतते हुए त्यौहार सकुशल सम्पन्न कराने के दिए निर्देश
बलिया आजमगढ़ लखनऊ उत्तरप्रदेश
जिलाधिकारी प्रवीण कुमार लक्षकार एवं पुलिस अधीक्षक ओमवीर सिंह ने कलेक्ट्रेट सभागार में आगामी त्यौहार होली एवं ईद पर शान्ति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए संबंधित अधिकारियों, आयोजकों व प्रबुद्धजनों के साथ बैठक की।
बैठक में जिलाधिकारी व पुलिस अधीक्षक ने आयोजकों व प्रबुद्धजनों से उनकी समस्याओं/सुझाव प्राप्त करते हुए संबंधित अधिकारियों को समस्याओं को शीघ्र निस्तारित करने के निर्देश दिए। उन्होंने आयोजकों व प्रबुद्धजनों से त्यौहार आपसी भाईचारा व सौहार्दपूर्ण मनाने की अपील की। सभी को होली एवं ईद की हार्दिक शुभकामनाएं दी।आयोजकों व प्रबुद्धजनों ने कहा कि त्यौहार आपसी सौहार्द के साथ मनाया जाएगा, किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना नहीं होने दी जाएगी।
जिलाधिकारी ने क्षेत्राधिकारियों एवं थाना प्रभारियों से अब तक की गई कार्यवाही की जानकारी प्राप्त करते हुए कहा कि आवश्यकतानुसार निरोधात्मक कार्यवाही की जाय। होलिका दहन एवं होली दिवस पर विशेष सतर्कता बरतते हुए त्यौहार सकुशल संपन्न कराई जाय। उन्होंने कहा कि यह सुनिश्चित किया जाय कि जिस स्थान पर होलिका रखी जाय, उस स्थान पर विद्युत तार व ट्रांसफार्मर आदि न हो, जिससे किसी प्रकार की अप्रिय घटना न होने पाए। होलिका दहन स्थल का भ्रमण कर आवश्यक कार्यवाही सुनिश्चित कर लिया जाय। अग्निशमन विभाग के सभी अधिकारी/कर्मचारी अलर्ट पर रहे। उन्होंने कहा कि हुड़दंग करने वालों के विरुद्ध कड़ी कार्यवाही की जाय। अगर कोई व्यक्ति महिलाओं के साथ छेड़खानी एवं अश्लील टिप्पणी करता हैं तो उसके विरुद्ध भी कड़ी कार्यवाही की जाय। शराब पीकर वाहन चलाने वालों के विरुद्ध कड़ी कार्यवाही की जाय। यातायात व्यवस्था को सुचारु रखा जाय। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को पर्याप्त जल आपूर्ति एवं साफ-सफाई की बेहतर व्यवस्था सुनिश्चित रखने के भी निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया पर विशेष निगरानी रखी जाय। अगर कोई व्यक्ति सोशल मीडिया पर गलत टिप्पणी करता है तो उसके विरुद्ध कड़ी कार्यवाही किया जाय।
पुलिस अधीक्षक ने आयोजकों/प्रबुद्धजनों से कहा कि होली त्यौहार को आपसी सौहार्द के साथ मनाएं। वाहन चलाते समय यातायात नियमों का पालन अवश्य करें। नशे की हालत में वाहन न चलाएं। उन्होंने सभी थाना प्रभारी को निर्देशित किया कि अगर कोई व्यक्ति नशे की हालत में वाहन चलाते हुए पाया जाता है,तो उसके विरुद्ध कड़ी कार्यवाही की जाय। उन्होंने आयोजकों/प्रबुद्धजनों से कहा कि किसी प्रकार की समस्या आती है तो तत्काल अवगत कराएं,समाधान किया जाएगा। अगर कोई व्यक्ति जनपद की शान्ति एवं कानून व्यवस्था बिगाड़ने का प्रयास करता है तो इसकी सूचना तत्काल दी जाय,उसके विरुद्ध कड़ी कार्यवाही की जाएगी।
बैठक में अपर जिलाधिकारी अनिल कुमार तथा अपर पुलिस अधीक्षक कृपा शंकर व अनिल कुमार झा सहित अन्य संबंधित अधिकारीगण एवं प्रबुद्धजन उपस्थित रहें।


0 Comments