रोजगार मेले का शुभारंभ, 2415 युवाओं का हुआ चयन
मा० मंत्री दानिश आज़ाद अंसारी ने किया वृहद रोजगार मेले का शुभारंभ, 2415 युवाओं का हुआ चयन
जिला सेवायोजन कार्यालय के तत्वावधान में प्रदेश सरकार की मंशा के अनुरूप रोजगार मिशन–2026 के अंतर्गत शनिवार को एक दिवसीय वृहद रोजगार मेले का सफल आयोजन किया गया। परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह की प्रेरणा से श्री मुरली मनोहर टाउन डिग्री कॉलेज परिसर में आयोजित इस मेले का शुभारंभ अल्पसंख्यक कल्याण राज्यमंत्री दानिश आज़ाद अंसारी ने फीता काटकर किया। रोजगार मेले को लेकर युवाओं में विशेष उत्साह देखने को मिला।
इस बृहद रोजगार मेले में देश की लगभग 50 प्रतिष्ठित कंपनियों ने प्रतिभाग किया। इनमें टाटा मोटर्स, एलएंडटी, अशोक लीलैंड, बंधन बैंक सहित कई नामचीन औद्योगिक, बैंकिंग एवं सेवा क्षेत्र की कंपनियां शामिल रहीं। कंपनियों द्वारा मौके पर ही अभ्यर्थियों का पंजीकरण, लिखित परीक्षा एवं साक्षात्कार की प्रक्रिया पूरी की गई। इस दौरान कुल 14,000 से अधिक रोजगार इच्छुक युवाओं ने प्रतिभाग किया, जिनमें से 2415 अभ्यर्थियों का विभिन्न पदों के लिए चयन किया गया।चयनित अभ्यर्थियों में तकनीकी, गैर-तकनीकी एवं सेवा क्षेत्र से जुड़े युवा शामिल हैं। रोजगार मेले में बलिया जनपद के साथ-साथ आसपास के जिलों से भी बड़ी संख्या में युवाओं ने पहुंचकर अवसर का लाभ उठाया। चयनित युवाओं के चेहरों पर खुशी और आत्मविश्वास साफ झलक रहा था।कार्यक्रम को संबोधित करते हुए राज्यमंत्री दानिश आज़ाद अंसारी ने कहा कि इस स्तर का रोजगार मेला बलिया जिले में पहली बार आयोजित किया गया है। यह आयोजन प्रदेश सरकार की उस सोच को दर्शाता है, जिसके तहत युवाओं को उनके ही जिले में रोजगार के अवसर उपलब्ध कराए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजनों से स्थानीय युवाओं का दूसरे राज्यों में पलायन रुकेगा और जिले के आर्थिक विकास को भी गति मिलेगी।परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह के अनुज धर्मेंद्र सिंह ने कहा कि आने वाले समय में इससे भी बड़े रोजगार मेलों का आयोजन किया जाएगा। उन्होंने बताया कि विशेष रूप से सेना भर्ती की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए अलग से कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, जिनमें सेना के वरिष्ठ अधिकारी युवाओं का मार्गदर्शन करेंगे।इस अवसर पर सहायक निदेशक सेवायोजन, सेवायोजन अधिकारी विकास कुमार, आज़मगढ़ मंडल के अधिकारीगण, विभिन्न विभागों के प्रतिनिधि तथा अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे। रोजगार मेले के सफल आयोजन से जिले के युवाओं में उत्साह और सकारात्मक माहौल देखने को मिला, जिससे भविष्य में रोजगार के नए आयाम खुलने की उम्मीद जताई जा रही है।



0 Comments