शिवलिंग चोरी प्रकरण में पुलिस खुलासे से असंतुष्ट जनता

 शिवलिंग चोरी प्रकरण में पुलिस खुलासे से असंतुष्ट जनता

शिवलिंग चोरी प्रकरण में पुलिस खुलासे से असंतुष्ट जनता, चेतावनी: नहीं हुआ पूर्ण खुलासा तो होगी बाजार बंदी


सुखपुरा (बलिया)। 


प्राचीन बुढ़वा शिव मंदिर से हुए शिवलिंग चोरी के प्रकरण में पुलिस द्वारा किए गए खुलासे से क्षेत्रीय जनता संतुष्ट नहीं है। बीते दिनों पुलिस ने चोरी की घटना का आंशिक खुलासा करते हुए कुछ आरोपियों की गिरफ्तारी का दावा किया था, लेकिन ग्रामीणों का कहना है कि यह खुलासा अधूरा है और मुख्य आरोपी अभी तक गिरफ्त में नहीं आए हैं। इसी असंतोष को लेकर ग्राम पंचायत सुखपुरा के साथ-साथ आसपास के कई गांवों के सैकड़ों लोग गुरुवार को थाने पर पहुंच गए और पुलिस प्रशासन के प्रति अपनी नाराज़गी व्यक्त की।

लोगों की भीड़ की सूचना पर अपर पुलिस अधीक्षक बलिया कृपाशंकर एवं सीओ सिटी उस्मान मौके पर पहुंचे और उन्होंने उपस्थित लोगों से बातचीत की। अधिकारियों ने स्वीकार किया कि बुढ़वा शिव मंदिर की चोरी का अभी पूर्ण रूप से खुलासा नहीं हुआ है और दो मुख्य आरोपी अभी फरार हैं। उन्होंने बताया कि इन दोनों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की विशेष टीमें लगातार दबिश दे रही हैं और जल्द ही चोरी गया शिवलिंग सहित कीमती धातुओं की बरामदगी भी की जाएगी।

इसके बावजूद उपस्थित लोगों ने पुलिस के प्रति नाराज़गी जारी रखते हुए चेतावनी दी कि यदि शीघ्र पूर्ण खुलासा नहीं होता है तो वे कठोर कदम उठाने के लिए बाध्य होंगे। ग्रामीणों ने घोषणा की कि रविवार सुबह 11 बजे बुढ़वा शिव मंदिर परिसर में एक बड़े स्तर पर बैठक की जाएगी, जिसमें आंदोलन की आगे की रणनीति तय की जाएगी। उन्होंने कहा कि यदि उस निर्धारित समय सीमा तक शिवलिंग बरामद नहीं होता और मुख्य आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होती, तो क्षेत्र में अनिश्चितकालीन बाजार बंदी और धरना-प्रदर्शन शुरू किया जाएगा।

ग्रामीणों का कहना है कि शिवलिंग की चोरी धार्मिक भावनाओं से सीधा जुड़ा हुआ मामला है, इसलिए प्रशासन को इसे गंभीरता से लेते हुए त्वरित और प्रभावी कार्रवाई करनी चाहिए। लोगों ने यह भी आरोप लगाया कि घटना के बाद कई महत्वपूर्ण बिंदुओं पर पुलिस द्वारा समय पर कार्रवाई नहीं की गई, जिससे चोरों को भागने का मौका मिल गया।

थाने पर जुटे लोगों ने पुलिस अधिकारियों पर दबाव बनाते हुए कहा कि जब तक क्षेत्र की आस्था के प्रतीक शिवलिंग की सुरक्षित बरामदगी नहीं होती, तब तक वे शांत नहीं बैठेंगे।

इस दौरान प्रमुख रूप से बृजनाथ सिंह, रविंद्र नाथ उपाध्याय, नितेश सिंह, प्रमोद सिंह, पुण्यदेव उपाध्याय, उमेश सिंह, रोहित सिंह, अप्पू सिंह, समरेंद्र सिंह, मनीष सिंह, बबुआ जी, अमित सिंह, बसंत सिंह सहित सैकड़ों ग्रामीण मौजूद रहे।

Post a Comment

0 Comments