एनुअल स्पोर्ट्स मीट 2025-26 का भव्य आयोजन

एनुअल स्पोर्ट्स मीट 2025-26 का भव्य आयोजन

सुखपुरा (बलिया)। 





नालेज सेंट्रल एकेडमी, सुखपुरा के खेल प्रांगण में शनिवार को एनुअल स्पोर्ट्स मीट 2025-26 का भव्य आयोजन किया गया। खेल उत्सव का मुख्य आकर्षण विद्यालय स्तरीय क्रिकेट प्रतियोगिता का फाइनल मुकाबला रहा, जो कक्षा 9वीं और कक्षा 11वीं (A) के बीच खेला गया। रोमांच, प्रतिस्पर्धा और खेल भावना से भरपूर इस मुकाबले ने दर्शकों को अंत तक बांधे रखा।

फाइनल मुकाबले की शुरुआत टॉस के साथ हुई, जिसमें कक्षा 11वीं (A) की टीम ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का निर्णय लिया। टीम के खिलाड़ियों ने बेहतरीन तालमेल, अनुशासन और आक्रामक बल्लेबाजी का शानदार प्रदर्शन किया। निर्धारित 10 ओवरों में 11वीं (A) की टीम ने 113 रनों का चुनौतीपूर्ण स्कोर खड़ा किया, जिससे मैदान पर मौजूद दर्शकों में उत्साह चरम पर पहुंच गया।

लक्ष्य का पीछा करने उतरी कक्षा 9वीं की टीम ने भी जबरदस्त जुझारूपन दिखाया। शुरुआती ओवरों से ही बल्लेबाजों ने आत्मविश्वास के साथ रन बटोरे और मुकाबले को आखिरी ओवर तक रोमांचक बनाए रखा। दर्शकों के शोर और तालियों के बीच टीम ने शानदार बल्लेबाजी की, लेकिन अंततः 10 ओवरों में 109 रन ही बना सकी। इस प्रकार कड़े संघर्ष वाले मुकाबले में कक्षा 11वीं (A) ने 4 रनों से जीत दर्ज कर क्रिकेट प्रतियोगिता का खिताब अपने नाम किया।

मैच के मुख्य अतिथि प्रभारी निरीक्षक सुशील कुमार दूबे ने खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए कहा कि खेल केवल हार-जीत तक सीमित नहीं होते, बल्कि ये अनुशासन, टीम वर्क, नेतृत्व और आत्मविश्वास जैसे जीवन मूल्यों को सिखाते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से पढ़ाई के साथ-साथ खेलों में भी सक्रिय रहने का आह्वान किया।

मैच के समापन अवसर पर विद्यालय के प्रधानाचार्य एवं शिक्षकों ने दोनों टीमों के खिलाड़ियों के उत्कृष्ट खेल कौशल की सराहना की। विजेता टीम कक्षा 11वीं (A) को ट्रॉफी प्रदान कर सम्मानित किया गया। प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन के लिए रोहित सिंह को ‘मैन ऑफ द मैच’ के पुरस्कार से नवाजा गया। मैच के अंपायर शुभ्रांशु सिंह और राज सिंह रहे, जबकि उद्घोषक की भूमिका बृजेश यादव ने निभाई।

इस अवसर पर विद्यालय प्रबंधक सोनू उपाध्याय, प्रधानाचार्य अनूप तिवारी सहित नितेश सिंह, मनोज सिंह, प्रकाश उपाध्याय, अमित पाल सिंह, मशरुर आलम, प्यारेलाल चौहान, धनंजय सिंह, ओमप्रकाश सिंह समेत अनेक शिक्षक, कर्मचारी और अभिभावक उपस्थित रहे। आयोजन ने छात्रों के बीच खेल भावना, अनुशासन और आपसी सौहार्द को नई ऊर्जा प्रदान की।

Post a Comment

0 Comments